पंडरिया । छत्तीसगढ़ राज्य में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार द्वारा पूरे प्रदेश के प्रत्येक जिलों के नगर पालिकाओं एवं पंचायतों में मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना लागू की गई है। जिसके तहत मोबाईल मेडिकल यूनिट वाहन के द्वारा डॉक्टरों एवं विभिन्न स्टॉफ द्वारा शहरी स्लम मोहल्ला में जाकर मरीजों की मुफ्त में ईलाज की जा रही है। प्रभारी पृथ्वी सोनी ने बताया कि नगर पालिका पंडरिया क्षेत्र में विभिन्न स्कूलो, कालेजों स्पेशल कैंप एवं वार्डो में शिविर का आयोजन किया जाता है।

जहां निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं रक्त जांच जैसे शुगर, विटामिन बी12, विटामिन डी3, थाईराइड, मूत्र संबधी जांच जैसे कुल 41 प्रकार की जांच की जाती है,साथ ही ब्रांडेड मुफ्त दवाईयां भी प्रदान की जाती है। इस वाहन के द्वारा नगर पालिका पंडरिया के विभिन्न वार्डो में जैसे शनि मंदिर के पास, रघुराज स्कूल बांधा तालाब के पास, कुशालबंध तालाब, समरू पारा, घोघरापारा आदि क्षेत्रों में जाकर मुफ्त में ईलाज किया जाता है।
साथ ही अच्छी ब्रांडेड दवाईयां भी प्रदान की जाती है। नगर पालिका सीएमओ अभिषेक सिंह ने बताया कि यह वाहन शुक्रवार को छोड़ कर प्रत्येक दिन नगर पालिका पंडरिया और नगर पंचायत पांडातराई के प्रत्येक मोहल्लों और वार्डो में जाकर लोगो को स्वास्थ्य सुविधाओं की लाभ पहुंचा रही है। वाहन में एक विशेषज्ञ चिकित्सक, नर्स, लैब टेक्नीशियन, फार्मासिस्ट और ड्राइवर उपस्थित रहते है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार द्वारा राज्य में प्राथमिक और माध्यमिक सुविधाओं के माध्यम से सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहा है। उनके द्वारा बहुत ही महत्वाकांक्षी योजना से झुग्गी-झोपड़ियों, अनधिकृत कॉलोनियों, घनी आबादी वाले क्षेत्रों आदि में ऐसे कई गैर-सेवित और कम-सेवित क्षेत्र में निवास कर रहे लोगो को स्वास्थ्य की मुफ्त सुविधाएं उपलब्ध हो रही है जिनका लाभ उनको निरन्तर प्रयास से मिल रहा है।अधिक से अधिक लोग इसमे जांच करवा कर लाभ प्राप्त कर सकते हैं।






