डंगोरा डेम में ट्रेकिंग–कैंपिंग गतिविधियों को मिली नई गति
वन विभाग एवं प्रशासनिक टीम ने किया स्थल निरीक्षण


राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ से लगभग 18 किलोमीटर दूर डंगोरा डैम क्षेत्र में NGO इकोवीरा इंडिया द्वारा चिन्हांकित किए ट्रेक रूट और व्यू पॉइंट का निरीक्षण 29 नवंबर 2025 को किया गया। यहाँ 3 किमी लंबा ट्रेक रूट तैयार किया गया है। टीम द्वारा अब तक चार बार व्यू पॉइंट पर नाइट स्टे व कैंपिंग भी की जा चुकी है।

इसी कार्य को देखते हुए निरीक्षण के लिए सुबह 9 बजे राजनांदगांव जिले के डीएफ़ओ श्री आयुष जैन स्थल पर पहुँचे। उनके साथ डोंगरगढ़ एसडीएम श्री एम. भार्गव, एसडीओ सुश्री पूर्णिमा राजपूत तथा राजनांदगांव रनर्स ग्रुप्स से श्री गौरव पारख एवं श्री राहुल बोहरा सहित वन विभाग की टीम मौजूद रही।

डेम के किनारे–किनारे ट्रेक करते हुए अधिकारियों ने प्राकृतिक जंगल और इलाके की खूबसूरती को नजदीक से महसूस किया। स्थल निरीक्षण के दौरान ट्रेक रूट, सुरक्षा, एडवेंचर गतिविधियों की संभावनाओं और क्षेत्र को इको-टूरिज्म के रूप में विकसित करने पर सार्थक चर्चा हुई।

इकोवीरा इंडिया के निदेशक श्री प्रमेश विजयवार ने वन विभाग एवं प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डंगोरा–मैकल श्रेणी में ट्रेकिंग, कैंपिंग और वाटर-आधारित गतिविधियों की अपार संभावनाएँ हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के इको-टूरिज्म विकास से स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और जंगल संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।

इस आयोजन में इकोवीरा इंडिया की टीम के चंदू भंडारी, अभिनव चंद्राकर, सागर द्विवेदी, सौरभ महोबिया, कुणाल रजक, अजय भंडारी और अयान खान ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम का आयोजन वन विभाग के सहयोग से इकोवीरा इंडिया द्वारा किया गया।