दुर्ग। दुर्ग पुलिस ने अवैध रूप से नशीले सिरप एवं कैप्सूल की बिक्री करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा।
जानकारी के अनुसार 14 फरवरी 2026 को थाना खुर्सीपार पुलिस टीम क्षेत्र में भ्रमण एवं अपराध पतासाजी के दौरान पं० दीनदयाल मिनी स्टेडियम शौचालय के पास, खुर्सीपार में मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति अवैध रूप से नशीले सिरप एवं कैप्सूल बेच रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों संदेहियों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम इफ्तेखार खान (39 वर्ष), निवासी गांधी नगर, भिलाई-03 तथा मोहम्मद अब्बास रजा (30 वर्ष), निवासी सेक्टर-02, भिलाई भट्ठी बताया। विधिवत तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 17 नग नशीले सिरप की प्लास्टिक शीशियां (कीमत ₹3,145), 13 स्ट्रीप नशीले कैप्सूल (कीमत ₹884), बिक्री की नगदी ₹9,500, एक टाटा सफारी वाहन क्रमांक CG07CH9614 (कीमत लगभग ₹5 लाख) एवं दो मोबाइल फोन (विवो व सैमसंग) जप्त किए गए।
आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 55/2026 के तहत धारा 21(सी), 22, 27(ए) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद शुक्ला, सउनि सुरेंद्र राजपूत, प्रधान आरक्षक आनंद तिवारी, आरक्षक चुमूक सिन्हा एवं आरक्षक चन्द्रभान चौहान की सराहनीय भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशीले पदार्थों के अवैध व्यापार की सूचना तत्काल पुलिस को दें। नशा तस्करी एवं अवैध बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।







