दो बाइक आपस में टकराईं, चार युवक घायलअमलेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची, घायलों को मेकाहारा रेफर किया गया

अमलेश्वर। रविवार शाम अमलेश्वर-पाहांदा मार्ग पर मोड़ के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइकों में सवार युवक घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही अमलेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमलेश्वर से पाहांदा जाने वाले मार्ग पर एक मोड़ के पास दो बाइक अचानक आपस में टकरा गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों में सवार युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना की सूचना पर अमलेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार, दोनों बाइकों में सवार सभी युवक रायपुर निवासी हैं। फिलहाल घायलों का उपचार जारी है और पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। घटना के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।