पाटन क्षेत्र की दो छात्राओं ने रचा सफलता का नया इतिहास


पाटन। क्षेत्र के ग्राम झीट की होनहार छात्राओं ने कक्षा 12वीं विज्ञान संकाय में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर गांव और विद्यालय का नाम रोशन किया है। छात्रा मोनिका ने 93.06% अंक प्राप्त कर बड़ी सफलता हासिल की, वहीं भूमिका ने 94.04% अंक अर्जित कर शानदार उपलब्धि दर्ज की।
मोनिका के पिता हेमंत कौशिक, जो पेशे से जेसीबी चालक हैं, एवं माता रीना कौशिक गृहिणी हैं। दूसरी ओर, भूमिका के पिता दुजराम साहू सब्जी विक्रेता हैं और माता प्रेमिन बाई गृहिणी हैं। दोनों परिवारों ने अपनी बेटियों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया है।
शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल झीट के शिक्षकों ने छात्राओं की इस सफलता पर प्रसन्नता जताते हुए उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। ग्रामीणों में भी इस उपलब्धि को लेकर गर्व और खुशी का माहौल है।