पाटन। शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय परसदा की दो होनहार छात्राओं ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता छात्रवृत्ति (NMMSE) परीक्षा 2026 में सफलता हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। विद्यालय के शिक्षक श्री मोहित कुमार शर्मा से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस सत्र में कु. डामिन यादव (पिता श्री किरन यादव) एवं कु. त्रिवेणी ठाकुर (पिता श्री सियाराम ठाकुर) का चयन इस प्रतिष्ठित छात्रवृत्ति परीक्षा में हुआ है।

नवाचारी शिक्षा और डिजिटल सपोर्ट से मिली सफलता
छात्राओं की इस शानदार सफलता के पीछे उनके मार्गदर्शक शिक्षक श्री सुशील कुमार साहू एवं स्टाफ की कड़ी मेहनत और अनूठी शिक्षण शैली रही है। श्री साहू ने बच्चों को नवाचारी गतिविधियों (Innovative Activities) के माध्यम से जोड़कर, स्वयं प्रश्न पत्र तैयार कर नियमित टेस्ट लिए। इसके साथ ही, बच्चों की शंकाओं का तुरंत समाधान करने और समय-समय पर डिजिटल सपोर्ट व अतिरिक्त कक्षाएं देकर उन्हें परीक्षा के लिए पूरी तरह तैयार किया।
कक्षा 12वीं तक मिलेगी छात्रवृत्ति
इस योजना के तहत चयनित दोनों छात्राओं को शासकीय विद्यालय में आगे की पढ़ाई जारी रखने पर कक्षा 12वीं तक प्रति माह 1,000 रुपये (वार्षिक 12,000 रुपये) की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी, जिससे उनकी आगे की शिक्षा में बड़ी मदद मिलेगी।
शिक्षकों के सतत मार्गदर्शन से बढ़ा बच्चों का मनोबल
कु. डामिन यादव एवं कु. त्रिवेणी ठाकुर की इस उपलब्धि पर संस्था के प्रधान पाठक श्री सत्येन्द्र यदु, शिक्षकगण मोहित कुमार शर्मा, नरेश कुमार यादव पूर्णिमा यादव, पवन साहू, जागेश्वरी साहू, देवकी यादव, उपासना साहू, कल्याणी शुक्ला, कौशल शुक्ला ने हर्ष व्यक्त किया है। विद्यालय परिवार द्वारा बच्चों का मनोबल ऊंचा उठाने और उन्हें सही दिशा दिखाने के लिए लगातार प्रयास किए जाते रहे हैं, जिसका परिणाम आज सबके सामने है।
छात्राओं की इस गौरवमयी सफलता पर नोडल प्राचार्य आदरणीया रामटेके मैडम, संकुल शैक्षिक समन्वयक श्री कुलेश्वर प्रसाद ठाकुर, दोनों वार्डों के पार्षद, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष, सांसद व विधायक प्रतिनिधि सहित संकुल के समस्त संस्था प्रमुखों एवं शिक्षकों ने चयनित छात्राओं को बधाई दी है तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।






