11 केवी हाईटेंशन लाईन की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौत….निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे थे दोनों

बिलासपुर के सिविल लाइन क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान में काम के दौरान 11 केवी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दो मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

बिलासपुर। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में दो मजदूरों की करंट लगने से मौत हो गई। दोनों मजदूर निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे थे। इसी दौरान वे ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गए। तेज करंट लगते ही दोनों मौके पर ही गंभीर रूप से झुलस गए।

हादसा पत्रकार कॉलोनी के पास उस समय हुआ, जब निर्माण कार्य के दौरान मजदूर ऊपरी हिस्से में काम कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बिजली लाइन के संपर्क में आते ही जोरदार झटका लगा और दोनों मजदूर नीचे गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और बिजली विभाग को सूचना दी। 

अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों को किया मृत घोषित 
सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों मजदूरों को अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। फिलहाल मृतकों की पहचान और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।