नंदीनीनगर। अहिवारा बस स्टैंड के पास चाय दुकान में चाय पी रहे एक वाहन चालक के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर नंदिनी नगर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी रूपेश कुमार साहू, निवासी वार्ड क्रमांक 01, संतोषी मंदिर के पास, थाना नंदिनी नगर, जिला दुर्ग, वाहन चालक का कार्य करता है। प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 3 जून 2026 को सुबह लगभग 10:55 बजे वह अहिवारा बस स्टैंड के पास स्थित एक चाय दुकान में चाय पी रहा था। इसी दौरान आरोपी अंकित बाफना तथा उसका साथी बाबू खान वहां पहुंचे और उसके पिता के संबंध में व्हाट्सएप पर गलत संदेश डालने की बात को लेकर विवाद करने लगे।
रिपोर्ट के अनुसार दोनों आरोपियों ने प्रार्थी के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों एवं किसी ठोस वस्तु से मारपीट की। घटना में रूपेश कुमार साहू के सिर, पीठ तथा बाएं पैर के घुटने के पास चोटें आई हैं। आरोपियों ने कथित रूप से जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के दौरान मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। इसके बाद घायल ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आवेदक रूपेश कुमार साहू की सूचना पर आरोपियों के विरुद्ध अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।





