पूर्व मंत्री के फॉलो गाड़ी की टक्कर से दो युवक की मौके पर मौत, ग्रामीणों के बोलेरा वाहन घेर लिया, पुलिस ने मामला शांत कराया

पूर्व मंत्री गागड़ा की फॉलो गाड़ी की टक्कर से दो युवकों की मौत

जगदलपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर बुधवार दोपहर एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसा बस्तर थाना क्षेत्र के बालेंगा पेट्रोल पंप के पास हुआ, जहां रायपुर से जगदलपुर आ रही पूर्व मंत्री महेश गागड़ा की एक फॉलो गाड़ी ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। पुलिस के अनुसार, बाइक पर सवार कमलेश और रामप्रसाद किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही फॉलो गाड़ी ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक उछलकर सामने से आ रहे ट्रेलर की चपेट में आ गया, जिससे उसकी भी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा–तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए बोलेरो चालक को घेर लिया। सूचना मिलते ही बस्तर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। यह पूरी घटना सीसी टीवी कैमरे में भी कैद हुई है पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि फॉलो गाड़ी पूर्व मंत्री महेश गागड़ा की सुरक्षा में लगी थी इसका मालिक हिमांशु चक्रवर्ती है। उसे मंत्री के काफिले में गाड़ी लगानी थी लेकिन वह समय पर पहुंच नहीं पाया था ऐसे में गाड़ी तेज रफ्तार में चला रहा था। तेज रफ्तार की वजह से फॉलो वाहन का संतुलन बिगड़ गया और यह हादसा हो गया।