सेलूद – पाटन ब्लॉक के सेलूद भाठापारा स्थित तंदुला नहर में शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे एक बड़ा हादसा हो गया। रायपुर के गुढ़ियारी से सेलूद में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने आए 1 5 वर्षीय खिलाड़ी शिवम यादव नहर के तेज बहाव में बह गए।
हाथ-पैर धोते समय हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों और साथी खिलाड़ियों के अनुसार, शिवम प्रतियोगिता स्थल के पास स्थित तंदुला नहर की ओर शौच के लिए गए थे। इसके बाद जब वे नहर के किनारे हाथ-पैर धोने उतरे, तब काई और ढलान के कारण उनका पैर फिसल गया। नहर का जलस्तर और पानी का बहाव बेहद तेज होने की वजह से शिवम खुद को संभाल नहीं सके और गहरे पानी में समा गए।
साथियों ने की बचाने की कोशिश
शिवम को डूबता देख किनारे पर मौजूद साथी खिलाड़ियों ने तत्काल उन्हें बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन पानी की तेज धार के आगे उनकी कोशिशें नाकाम रहीं और शिवम देखते ही देखते ओझल हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही सेलूद के सरपंच खिलेश मार्कंडेय तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने उतई पुलिस और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को घटना से अवगत कराया।







