केशव साहू
कृषि विभाग की संयुक्त टीम की बड़ी कार्रवाई, वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पंचनामा तैयार
डोंगरगढ़। विकासखंड डोंगरगढ़ के ग्राम कातलवाही में बिना वैधानिक अनुमति के जैविक खाद के निर्माण एवं बड़े पैमाने पर भंडारण का मामला सामने आया है। कृषि विभाग को मिली सूचना के आधार पर विभाग की संयुक्त टीम ने संबंधित निर्माण इकाई पर औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान मौके पर भारी मात्रा में जैविक खाद का अवैध भंडारण पाए जाने पर अधिकारियों ने 2,485 बोरी जैविक खाद जब्त कर अपने कब्जे में ले ली तथा नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, कृषि विभाग को पिछले कुछ समय से सूचना मिल रही थी कि ग्राम कातलवाही में आवश्यक अनुमति प्राप्त किए बिना प्रोम एवं अन्य जैविक खाद का निर्माण और भंडारण किया जा रहा है। इसी सूचना के आधार पर अधिकारियों की विशेष टीम ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संचालकों से व्यवसाय लाइसेंस, निर्माण अनुमति, वैधानिक दस्तावेज तथा अन्य आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा। प्रारंभिक जांच में संचालकों द्वारा कोई भी वैध दस्तावेज अथवा अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं किए जाने पर विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर रखी 2,485 बोरी जैविक खाद को सील कर जब्त कर लिया। साथ ही पूरे मामले का पंचनामा तैयार किया गया।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मामले की विस्तृत एवं गहन जांच की जा रही है। यदि जांच में उर्वरक नियंत्रण आदेश या अन्य शासकीय नियमों का उल्लंघन प्रमाणित होता है, तो संबंधित संचालकों के विरुद्ध एफआईआर सहित अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने किसानों एवं खाद निर्माण से जुड़े कारोबारियों से अपील की है कि उर्वरक या जैविक खाद का निर्माण, भंडारण एवं विक्रय केवल वैध लाइसेंस एवं आवश्यक शासकीय अनुमति प्राप्त करने के बाद ही करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।







