निर्माणाधीन नाली का काम बंद, कांग्रेस नेताओं ने जताई नाराजगी, वार्ड-1 की प्रगति विहार कॉलोनी में समस्याओं का जायजा लेने पहुंची कांग्रेस की टीम, जल्द काम पूरा करने की मांग

पाटन। नगर पालिका परिषद अमलेश्वर के वार्ड क्रमांक-1 स्थित प्रगति विहार कॉलोनी में निर्माणाधीन नाली का काम बंद होने और निर्माण की धीमी गति को लेकर रहवासियों की परेशानी बढ़ती जा रही है। वर्षों पुरानी नाली निर्माण की मांग के बाद राशि स्वीकृत होने के बावजूद करीब 180 मीटर नाली का निर्माण अब तक पूरा नहीं हो सका है।

नाली निर्माण का काम अधूरा छोड़ दिए जाने से कॉलोनीवासियों को आवागमन सहित जल निकासी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इसी समस्या का जायजा लेने कांग्रेस नेताओं की टीम प्रगति विहार कॉलोनी पहुंची। निर्माण कार्य बंद मिलने पर कांग्रेस नेताओं ने नाराजगी जताते हुए संबंधित जिम्मेदारों से जल्द काम शुरू कराकर निर्धारित समय में पूरा कराने की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। नाली निर्माण में गुणवत्तापूर्ण सामग्री का उपयोग करने के साथ ही कार्य को जल्द पूरा किया जाना चाहिए, ताकि रहवासियों को हो रही परेशानी से राहत मिल सके।

इस दौरान कांग्रेस मंडल अध्यक्ष महेन्द्र साहू, सेक्टर अध्यक्ष विकास वर्मा, सेक्टर उपाध्यक्ष प्रवीण डे, दुर्ग कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के उपाध्यक्ष धर्मेन्द्र साहू, छाया पालिका अध्यक्ष हिमांशु शर्मा, युवा कांग्रेस जिला महासचिव अमृत सिंह ठाकुर, पार्षद घनश्याम साहू सहित कांग्रेसजन मौजूद रहे।