साइबर जागृति अभियान के तहत थाना कुण्डा पुलिस ने विद्यार्थियों को किया गया जागरूक

पंडरिया।कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी भूपत सिंह के दिशा-निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कश्यप के कुशल नेतृत्व में थाना कुंण्डा पुलिस टीम द्वारा सरदार पब्लिक स्कूल में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।


कार्यक्रम में विद्यार्थियों को “डिजिटल सतर्कता एवं बुनियादी सुरक्षा” विषय पर जानकारी देते हुए बढ़ते साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों से बचाव के उपाय बताए गए। विद्यार्थियों को OTP किसी से साझा नहीं करने, अनजान APK लिंक पर क्लिक नहीं करने तथा अनजान WhatsApp वीडियो कॉल से सतर्क रहने की समझाइश दी गई।

पुलिस टीम द्वारा विद्यार्थियों को अपने-अपने घरों में परिजनों एवं आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने तथा QR कोड स्कैन कर “साइबर जागृति अभियान” से जुड़ने और जागरूकता की सेल्फी सोशल मीडिया पर साझा करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करने की जानकारी दी गई।

यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “साइबर जागृति अभियान” के तहत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाकर आमजनों एवं विद्यार्थियों को डिजिटल रूप से सुरक्षित बनाना है।