विधायक भावना बोहरा के निर्देशन में घोघरा डायवर्सन मुख्य नहर एवं माइनर नहर की सफाई पूर्ण, वर्षों बाद किसानों को मिलेगा सिंचाई का लाभ

पंडरिया।उत्कृष्ट विधायक भावना बोहरा के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में घोघरा डायवर्सन मुख्य नहर तथा उससे जुड़ी माइनर नहरों की सफाई का कार्य बरसात के पहले सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। इस कार्य से क्षेत्र के सैकड़ों किसानों में खुशी का माहौल है, क्योंकि अब वर्षों से गाद से भरी नहरों में सिंचाई का पानी सुचारु रूप से गांवों के खेतों तक पहुंच सकेगा।
विशेष रूप से मडमडा, चारभाठा कला,दंशरगपुर, चारभाठा खुर्द ,डोगरिया कला, पलानसरी, सराईपतेरा माइनर नहर जो पिछले लगभग पाँच वर्षों से गाद एवं अवरोधों के कारण अपनी उपयोगिता खो चुकी थी। उसकी व्यापक सफाई कराई गई है। लंबे समय से किसानों की यह प्रमुख मांग थी, कि नहर की सफाई कर सिंचाई व्यवस्था को पुनः सुचारु बनाया जाए। अब नहर की सफाई पूर्ण होने से खरीफ की फसल के लिए समय पर पर्याप्त जल सिचाई के लिए उपलब्ध हो सकेगा, जिससे किसानों की उत्पादन क्षमता बढ़ेगी और आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी।
इस महत्वपूर्ण जनहितैषी कार्य को जनपद सदस्य रानी मिथलेश चन्द्रवंशी ने स्वयं कई दिनों तक मौके पर उपस्थित रहकर, लगातार निगरानी करते हुए पूर्ण कराया। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


जनपद सदस्य रानी मिथलेश चन्द्रवंशी ने कहा कि क्षेत्र के किसानों की सुविधा और उनकी सिंचाई संबंधी समस्याओं का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने उत्कृष्ट विधायक भावना बोहरा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सतत मार्गदर्शन एवं किसानों के हितों के प्रति संवेदनशील नेतृत्व के कारण यह लंबे समय से लंबित कार्य संभव हो सका। जिससे क्षेत्र के हजारों किसान भाईयों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध होंगी।
क्षेत्र के किसानों ने भी नहर सफाई कार्य पूर्ण होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विधायक भावना बोहरा एवं जनपद सदस्य रानी मिथलेश चन्द्रवंशी का आभार जताया। किसानों का कहना है कि समय पर सिंचाई का पानी मिलने से इस वर्ष धान की फसल बेहतर होगी और उन्हें इसका सीधा लाभ मिलेगा। जनप्रतिनिधियों की इस पहल को ग्रामीणों ने किसान हित में एक महत्वपूर्ण और सराहनीय कदम बताया।