अंडा। फोटो। ग्राम अंजोरा में होने वाले 24 कुंडीय राष्ट्र शौर्य समृद्धि गायत्री महायज्ञ की तैयारियाँ आजकल पूरे चरम पर हैं। जन-जन तक इस पावन आयोजन का संदेश पहुँचाने हेतु गायत्री परिवार के समर्पित कार्यकर्ता दिनभर विभिन्न मोहल्लों, गांवों और पंचायतों में सक्रिय जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। कार्यकर्ता सिर्फ आमंत्रण ही नहीं दे रहे, बल्कि दीप महायज्ञ, जागरूकता कार्यक्रम और आध्यात्मिक संदेशों के माध्यम से गांव में सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण भी निर्मित कर रहे हैं।
महायज्ञ को सफल बनाने के उद्देश्य से टीमें स्थानीय नागरिकों, विभिन्न सामाजिक वर्गों, जनप्रतिनिधियों व प्रतिष्ठित व्यक्तियों से भेंट कर कार्यक्रम की रूपरेखा, उद्देश्यों और राष्ट्रहित में इसके महत्व से अवगत करा रही हैं। ग्रामवासियों, युवाओं और महिलाओं में इस ऐतिहासिक आयोजन को लेकर उत्साह लगातार बढ़ रहा है। गायत्री परिवार के अनुसार, यह महायज्ञ राष्ट्र शौर्य , समृद्धि, संस्कार जागरण, सामूहिक सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करने वाला एक विराट एवं प्रेरणादायी आयोजन होगा। यह महायज्ञ 17 दिसंबर से 20 दिसंबर 2025 तक संपन्न होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता अपेक्षित है।







