दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह के दिशा निर्देश से, नेत्रहीन ईश्वर प्रसाद को मिला चावल ,उनके परिवार ने दिया सीजी मितान को धन्यवाद,

पाटन।।। सी जी मितान ने 10 अप्रैल को प्रमुखता के साथ प्रकाशित खबर का असर देखने को मिला है। प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए नेत्रहीन हितग्राही ईश्वर प्रसाद की समस्या का समाधान किया। दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह एवं खाद्य अधिकारी अनुराग सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में आज ग्राम तर्रीघाट निवासी ईश्वर प्रसाद को राशन उपलब्ध कराया गया और उनके राशन कार्ड से जुड़ी सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूर्ण करवाई गईं।
गौरतलब है कि ईश्वर प्रसाद, जो कि दृष्टिहीन हैं, पिछले लंबे समय से राशन के लिए परेशान हो रहे थे। उनके राशन कार्ड के मुखिया की मृत्यु हो जाने के कारण 1 अक्टूबर 2025 से उनका कार्ड बंद हो गया था, जिससे उन्हें शासकीय योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा था। मामले को सी जी मितान ने प्रमुखता से खबर उठाया, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया और 13 मार्च 2026 को उनका राशन कार्ड पुनः बहाल (रिस्टोर) कर दिया गया।
हालांकि विभागीय जानकारी के अनुसार वर्तमान माह तक तीन माह का राशन आवंटन पहले ही जारी किया जा चुका था, जिसके चलते तकनीकी रूप से तत्काल वितरण संभव नहीं था। इसके बावजूद मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों ने विशेष पहल कर ईश्वर प्रसाद को राशन उपलब्ध कराया, जिससे उन्हें बड़ी राहत मिली।
इसके साथ ही उनके राशन कार्ड का केवासी भी पूर्ण कराया गया तथा कार्ड में मोबाइल नंबर दर्ज किया गया। अब आगामी महीनों में उन्हें ओटीपी के माध्यम से आसानी से राशन प्राप्त हो सकेगा, जिससे उन्हें बार-बार दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
इस सराहनीय पहल से ईश्वर प्रसाद और उनके परिवार में खुशी का माहौल है। उन्होंने जिला प्रशासन, विशेष रूप से दुर्ग कलेक्टर एवं खाद्य विभाग का आभार व्यक्त करते हुए सी जी मितान का भी धन्यवाद किया, जिसने उनकी समस्या को प्रमुखता से उठाकर समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।