सेलूद। महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में ग्राम पंचायत सेलूद में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन 5 अक्टूबर, सोमवार को दोपहर 12 बजे से कर्मा भवन, बाजार चौक सेलूद में किया जाएगा।
उक्त कार्यक्रम में गायत्री परिवार एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में गर्भवती माताओं का पुंसवन संस्कार का आयोजन किया जावेगा ।साथ ही कार्यक्रम में गोद भराई, अन्नप्राशन,स्वस्थ बालक प्रतियोगिता एवं उनकी माता का सम्मान, कार्यकर्ता सहायिका सम्मान ,रेडी टू ईट व्यंजन एवं पौष्टिक थाली प्रदर्शनी सहित महिलाओं एवं बच्चों से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इस दौरान मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण तथा संतुलित आहार को लेकर जागरूकता का संदेश दिया जाएगा।
गोद भराई कार्यक्रम के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जाएगा, जबकि स्वस्थ बच्चा सम्मान के माध्यम से बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण के लिए परिवारों को प्रोत्साहित किया जाएगा। पौष्टिक थाली एवं रेडी टू ईट व्यंजन प्रदर्शनी के माध्यम से स्थानीय खाद्य सामग्री से पौष्टिक भोजन तैयार करने की जानकारी भी साझा की जाएगी।
कार्यक्रम में महिलाओं एवं ग्रामीण परिवारों की सहभागिता से स्वास्थ्य, पोषण और जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। सभी सहभागियों से आग्रह है कि कृपया इस अवसर पर आंगनबाड़ी के बच्चों हेतु खिलौना दान करें अवश्य करेंगे।







