सुपोषण चौपाल के तहत अन्नप्राशन, तरीघाट गोदभराई एवं बालभोज का आयोजन

पाटन। महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में सुपोषण चौपाल के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र में अन्नप्राशन, गोदभराई एवं बालभोज कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं बच्चों में कुपोषण की रोकथाम तथा संतुलित पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती चंद्रिका साहू मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म निभाई तथा शिशुओं का अन्नप्राशन कराते हुए उनके स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान बच्चों को पौष्टिक एवं संतुलित भोजन भी कराया गया।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती गीता सिन्हा, श्रीमती भारती साहू, श्रीमती अरुण साहू एवं श्रीमती शोभना सोनी ने हितग्राहियों को गर्भावस्था के दौरान उचित खानपान, बच्चों के पोषण, नियमित स्वास्थ्य जांच एवं स्वच्छता के महत्व की जानकारी दी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी के हितग्राही, माताएं एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं कुपोषण मुक्त समाज के संकल्प के साथ हुआ।