अस्पताल में हंगामा, परिजन के खिलाफ एफआईआर, जिला अस्पताल दुर्ग का मामला



भिलाई । जिला अस्पताल की कैजुअल्टी में जहर सेवन से भर्ती सिद्धार्थ नगर निवासी 23 वर्षीय प्रभाष सूर्या की मौत के बाद कथित हंगामा, झूमाझटकी, मारपीट के मामले में कोतवाली पुलिस ने गुरुवार को उनके परिजन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली। जिला अस्पताल के इतिहास में पहली बार है जब किसी सिविल सर्जन ने एफआईआर दर्ज कराई है। सूर्या ने 16 सितंबर को चूहामार दवा खा ली थी और गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया। इलाज के दौरान 17 सितंबर सुबह 8.30 बजे उसकी मृत्यु हो गई। मृतक के परिजन व अन्य लोगों ने ड्यूटी में उपस्थित महिला स्टाफ नर्स के साथ कथित अभद्र व्यवहार किया। गालियां और जान से मारने की धमकी दी। सरकारी संपत्ति को तोड़फोड़ कर गार्ड से भी मारपीट की गई। सिविल सर्जन डॉ. आशीषन मिंज ने कर्मचारियों के साथ हुई ज्यादती के मामले में एफआईआर दर्ज कराई ।