
पाटन । विकासखंड के ग्राम गुजरा एवं मटिया के ग्रामीण मनरेगा के कार्य को लेकर आमने-सामने हो गए हैं । कल भी इस मामले को लेकर दिनभर गहमागहमी रही। आज सुबह से ही जब ग्राम पंचायत गुजरा के आश्रित ग्राम मटिया में नया तालाब निर्माण के लिए मजदूर पहुंचे तो कुछ समय बाद मटिया के सैकड़ों महिला-पुरुष भी मौके पर पहुंच गए और काम को बंद करने की मांग करने लगे। मटिया के ग्रामीणों ने कहा कि खेल मैदान पर तालाब निर्माण अनुचित है ।इसके लिए उन्होंने मंगलवार को ब्लॉक मुख्यालय में आवेदन देकर शिकायत भी किया है जब तक आवेदन का निराकरण ना हो तब तक काम को रोकने की मांग की है। इधर ग्राम के सरपंच पीतांबर पटेल ने काम को शुरू करने के लिए निर्देशित किया है ।काम शुरू हो गया है अब इससे आक्रोशित ग्राम मटिया के ग्रामीण बड़ी संख्या में आज जनपद कार्यालय पाटन एवं तहसील कार्यालय पाटन में जाकर घेराव करने की बात कह रहे हैं।









