नगरीय निकाय चुनाव 2025 : प्रदेशभर में नामांकन भरने का दौर,मीनल चौबे ने भव्य रैली के साथ भरा नामांकन….स्कूटी से पहुंची कांग्रेस महापौर प्रत्याशी दीप्ति दुबे

रायपुर।नगर निगम रायपुर के महापौर पद के लिए भाजपा प्रत्याशी मीनल चौबे ने आज मंगलवार को हजारों कार्यकर्ताओं के साथ भव्य रैली निकालकर अपना नामांकन दाखिल किया वहीं  महापौर पद के लिए कांग्रेस प्रत्याशी दीप्ति दुबे ने नामांकन दाखिला किया। उन्होंने किसी शक्ति प्रदर्शन या फिर रैली नहीं की है। बल्कि स्कूटी पर सवार होकर नामांकन फार्म भरने पहुंची।

सीएम विष्णुदेव साय ने किया दावा, नगरीय निकाय सहित त्रिस्तरीय पंचायतों में भी बीजेपी की होगी जीत

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से महापौर प्रत्याशी मीनल चौबे ने मुलाकात कर आशीर्वाद लिया। इस मौके पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि नगरीय निकाय और त्रि स्तरीय पंचायत चुनाव लोकतंत्र की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। इनमें चुनाव होने जा रहे हैं। बड़े ही सौभाग्य की बात है कि रायपुर नगर निगम में बीजेपी की महापौर प्रत्याशी मीनल चौबे और 70 वार्डों के पार्षद प्रत्याशी आज नामांकन दाखिल कर रहे हैं सभी को शुभकामनाएं प्रदान करता हूं।

उन्होंने कहा कि महापौर प्रत्याशी मीनल चौबे को नगर निगम में पार्षद सहित नेता प्रतिपक्ष के रूप में काम करने का लंबा अनुभव है इसका लाभ अवश्य मिलेगा। छत्तीसगढ़ के 10 नगर निगम सहित, नगर पालिका, नगर पंचायत एवं त्रि स्तरीय पंचायतों में भी भारतीय जनता पार्टी को सफलता प्राप्त होगी। त्रि स्तरीय निकाय एवं पंचायत चुनाव के लिए भाजपा पूरी तरह से तैयार है। मोदी जी की गारंटी के अधिकांश वादों को पूरा करने के कारण प्रदेश भर में भाजपा के प्रति विश्वास का वातावरण है। इसी विश्वास की बदौलत हमें इस चुनाव में भी ऐतिहासिक जनादेश मिलेगा।

सीएम साय ने कहा कि भाजपा ने पूरे प्रदेश में चुन-चुन कर कर्मठ एवं योग्य ऊर्जावान प्रत्याशियों को उतारा है। मीनल भी अनुभवी और योग्य नेत्री हैं। मीनल चौबे एक बेहतर महापौर रायपुर के लिए साबित होंगी। पंचायत से पार्लियामेंट तक भाजपा प्रत्याशी बड़ी संख्या में चुन कर आयेंगे।सभी प्रत्याशियों को फिर से शुभकामनाएं हैं।

कांग्रेस महापौर प्रत्याशी दीप्ति दुबे ने भरा नामांकन, मौजूद रहे पूर्व सीएम समेत दिग्गज नेता

राजधानी रायपुर में महापौर पद के लिए कांग्रेस प्रत्याशी दीप्ति दुबे ने नामांकन दाखिला किया है। उन्होंने किसी शक्ति प्रदर्शन या फिर रैली नहीं की है। बल्कि स्कूटी पर सवार होकर नामांकन फार्म भरने पहुंची। नामांकन दाखिल करने के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, रायपुर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश दुबे और पूर्व निगम सभापति प्रमोद दुबे भी मौजूद रहे।

कांग्रेस ने नामांकन रैली और शक्ति प्रदर्शन करने की योजना बने थी। पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ कांग्रेस भवन गांधी मैदान से रैली निकालने वाले थे, जिसे स्थगित कर दिया गया। प्रत्याशी दीप्ति दुबे स्कूटी में सवार होकर नामांकन दाखिल करने पहुंचीं।

इस दौरान कांग्रेस महापौर प्रत्याशी दीप्ति दुबे उन्होंने कहा कि आज हमने नामांकन जमा किया है। अब मैं लोगों के बीच में भी जाऊंगी। किसी को किसी प्रकार की कोई समस्या हो सीधे मुझसे संपर्क कर सकते हैं। मजबूती से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने स्कूटी से हेलमेट पहन के आने का उद्देश्य बताया कि वे लोगों को मैसेज दे रहे हैं कि लोग ट्रैफिक नियमों का पूरी जिम्मेदारी के साथ पालन करें।