अर्नब का असर: दुर्ग जिले में 29 और 30 अक्टूबर को सभी स्कूलों में अवकाश घोषित, चक्रवाती तूफान की चेतावनी

दुर्ग। दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में भारी बारिश एवं चक्रवाती तूफान की आशंका को देखते हुए दुर्ग जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों में दो दिनों का अवकाश घोषित किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी, दुर्ग द्वारा 28 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार जिले के समस्त शासकीय, अशासकीय, अनुदान प्राप्त एवं बीएसपी प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक, हाई और हायर सेकेंडरी विद्यालयों में 29 एवं 30 अक्टूबर 2026 को अवकाश रहेगा।

जारी आदेश में बताया गया है कि मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी और दैनिक समाचारों में जारी चेतावनी के अनुसार आगामी 24 घंटों में छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश, गरज-चमक तथा तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि कुछ इलाकों में 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवा चलने की आशंका जताई गई है।

मौसम की गंभीरता को देखते हुए विद्यार्थियों को स्कूल पहुंचने में होने वाली कठिनाइयों तथा उनके स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को ध्यान में रखकर यह निर्णय लिया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने संबंधित शैक्षणिक संस्थानों के लिए दो दिवसीय अवकाश घोषित करने का आदेश जारी किया है।

विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता

प्रशासन का यह कदम खराब मौसम के दौरान बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है। मौसम की चेतावनी को देखते हुए लोगों से भी सतर्क रहने तथा अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचने की अपील की जाती है।