उतई। पुलिस आरक्षक की नौकरी लगाने का झांसा देकर 12 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में उतई पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने वर्ष 2023 में प्रार्थी के पुत्र को पुलिस आरक्षक के पद पर भर्ती कराने का भरोसा दिलाकर रकम ली थी। नौकरी नहीं लगने और रकम वापस नहीं करने पर प्रार्थी ने 20 अगस्त 2026 को थाना उतई में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के अनुसार ग्राम सेलूद निवासी गैंदलाल बंछोर के पुत्र विकास बंछोर को पुलिस आरक्षक की नौकरी दिलाने का झांसा आरोपी उमेश दास मानिकपुरी निवासी ग्राम अतरिया, जिला बेमेतरा ने दिया था। नौकरी लगवाने के नाम पर कुल 12 लाख रुपये लिए गए। बाद में नौकरी नहीं लगाई गई और रकम भी वापस नहीं की गई।

शिकायत की जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर उतई पुलिस ने अपराध क्रमांक 430/2026 के तहत धारा 318(4), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर आरोपियों की पतासाजी शुरू की। पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश देकर उमेश दास मानिकपुरी और राजेश वर्मा, उम्र 57 वर्ष, निवासी पत्रकार कॉलोनी, रिंग रोड नंबर 02, बिलासपुर को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों से मामले से संबंधित जानकारी जुटाई गई। विवेचना के दौरान आरोपियों से संबंधित बैंक खाता और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। दोनों आरोपियों को विधि सम्मत कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
- उमेश दास मानिकपुरी, निवासी ग्राम अतरिया, जिला बेमेतरा।
- राजेश वर्मा, उम्र 57 वर्ष, निवासी पत्रकार कॉलोनी, रिंग रोड नंबर 02, बिलासपुर।
जब्त सामग्री: प्रकरण से संबंधित बैंक खाता एवं एक मोबाइल फोन।
अपराध क्रमांक: 430/2026
धारा: 318(4), 3(5) बीएनएस






