उतई: धर्मकांटे में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस लगाकर स्क्रैप में हेराफेरी, ऑपरेटर गिरफ्तार, एक आरोपी फरार

भिलाई/उतई। भारतमाला परियोजना से निकलने वाले स्क्रैप के वजन में हेराफेरी कर कंपनी को नुकसान पहुंचाने के मामले में उतई पुलिस ने धर्मकांटा ऑपरेटर और एक स्क्रैप कारोबारी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने धर्मकांटा ऑपरेटर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि स्क्रैप कारोबारी फरार बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, भारतमाला परियोजना में कार्यरत एएमएनएस लिमिटेड कंपनी के अधिकारियों ने शिकायत दर्ज कराई थी कि परियोजना से निकलने वाले स्क्रैप का वजन धर्मकांटे में कम दर्ज किया जा रहा है। जांच के दौरान पता चला कि धर्मकांटे में एक अतिरिक्त इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस लगाई गई थी, जिसके माध्यम से मशीन की रीडिंग में छेड़छाड़ कर स्क्रैप का वजन वास्तविक से कम दिखाया जाता था।

कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि पिछले करीब 20 दिनों से स्क्रैप की तौल में गड़बड़ी की आशंका थी। इसके बाद 23 जून को सर्विस इंजीनियर से मशीन की तकनीकी जांच कराई गई। जांच में मशीन के अंदर संदिग्ध इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस लगी मिली, जिससे वजन कम प्रदर्शित हो रहा था।

पुलिस जांच में सामने आया कि भारतमाला परियोजना से निकलने वाले स्क्रैप का ठेका एक निजी स्क्रैप ट्रेडर्स को दिया गया था। स्क्रैप से भरे वाहनों की तौल उतई क्षेत्र स्थित धर्मकांटे में कराई जाती थी। पूछताछ में धर्मकांटा ऑपरेटर कुंदन राम साहू ने स्वीकार किया कि यह डिवाइस स्क्रैप कारोबारी अवतार सिंह द्वारा लगवाई गई थी।

उतई पुलिस ने आरोपी धर्मकांटा ऑपरेटर कुंदन राम साहू को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। वहीं मुख्य आरोपी स्क्रैप कारोबारी अवतार सिंह की तलाश जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और कंपनी को हुए आर्थिक नुकसान का आकलन किया जा रहा है।