उतई: बकरी पालन के विवाद में महिला की पीट-पीटकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार, चुनकट्टा गांव की घटना, डंडे से सिर और शरीर पर किया था ताबड़तोड़ वार; इलाज के दौरान तोड़ा दम

भिलाई/उतई। दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चुनकट्टा में बकरी पालन को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान गांव के ही एक युवक ने 52 वर्षीय महिला पर डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला की देर रात अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में उतई थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अर्जुन साहू को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम चुनकट्टा निवासी कुमारी बाई साहू (52 वर्ष) अपनी आजीविका चलाने के लिए बकरी पालन करती थीं। वहीं, गांव का निवासी अर्जुन साहू लंबे समय से उनके बकरी पालन करने का विरोध कर रहा था। बताया गया है कि साहू समाज में बकरी पालन को लेकर सामाजिक मान्यताओं का हवाला देते हुए आरोपी इस कार्य पर आपत्ति जताता था।

गुरुवार देर शाम इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि गुस्से में आकर अर्जुन साहू ने कुमारी बाई के सिर और शरीर पर डंडे से कई वार कर दिए। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना के बाद परिजन उन्हें तत्काल श्री शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए, जहां भर्ती कर उनका उपचार शुरू किया गया। हालांकि, देर रात करीब ढाई बजे इलाज के दौरान कुमारी बाई ने दम तोड़ दिया।

घटना के संबंध में प्रार्थी अर्जुन साहू की शिकायत के आधार पर उतई थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अर्जुन साहू को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

बकरी पालन को लेकर शुरू हुआ विवाद एक महिला की मौत का कारण बन गया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।