पाटन। पाटन के नवपदस्थ अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) उत्तम कुमार ध्रुव ने शुक्रवार को पाटन एसडीएम के रूप में अपना प्रभार ग्रहण कर लिया। लवकेश ध्रुव के धमधा स्थानांतरण के बाद शासन ने उत्तम कुमार ध्रुव को पाटन का नया एसडीएम नियुक्त किया है।

प्रभार संभालने के बाद श्री ध्रुव ने पहले दिन एसडीएम कार्यालय का निरीक्षण किया और विभिन्न विभागों के बाबुओं व कर्मचारियों से कार्यालयीन कार्यों तथा लंबित प्रकरणों की जानकारी ली। उन्होंने सभी कर्मचारियों को शासन की योजनाओं का समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रभार ग्रहण करने के साथ ही एसडीएम कार्यालय पहुंचे किसानों एवं ग्रामीणों से भी उन्होंने मुलाकात की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित एवं नियमानुसार निराकरण करने के निर्देश दिए।

नवीन एसडीएम के पदभार ग्रहण करने से क्षेत्रवासियों को प्रशासनिक कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है। वहीं कार्यालयीन कार्यों को व्यवस्थित एवं जनहितकारी बनाने पर भी उन्होंने विशेष जोर दिया।






