Vaibhav Sooryavanshi:आईपीएल 2026 की अवॉर्ड सेरेमनी में वैभव सूर्यवंशी सबसे बड़े सितारे बनकर उभरे। उन्होंने ऑरेंज कैप, मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर, इमर्जिंग प्लेयर, सुपर स्ट्राइकर और सुपर सिक्सेस ऑफ द सीजन समेत कई पुरस्कार जीते। वैभव को 45 लाख रुपये की कुल इनामी राशि के साथ एक कार भी मिली।

आईपीएल 2026 में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सभी का दिल जीतने वाले युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने सीजन खत्म होने के बाद आयोजित अवॉर्ड सेरेमनी में भी अपना दबदबा कायम रखा। महज 15 साल के इस बल्लेबाज ने एक-दो नहीं, बल्कि पांच बड़े व्यक्तिगत पुरस्कार अपने नाम किए और सीजन के सबसे सफल खिलाड़ियों में शामिल रहे।

वैभव को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट (मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर) का अवॉर्ड मिला। इसके अलावा ऑरेंज कैप, इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन, सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन और सुपर सिक्सेस ऑफ द सीजन जैसे प्रतिष्ठित अवॉर्ड मिले। इन पुरस्कारों के जरिए उन्होंने कुल 45 लाख रुपये की इनामी राशि हासिल की, जबकि सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन बनने पर उन्हें एक कार (टाटा सियेरा) भी पुरस्कार स्वरूप मिली। वैभव फाइनल मैच देखने अहमदाबाद पहुंचे थे। वह नए हेयर स्टाइल में दिखे और आईसीसी अध्यक्ष जय शाह के साथ बैठे दिखे थे।

हर जगह वैभव का जलवा
पूरे सीजन में वैभव सूर्यवंशी ने बल्ले से कहर बरपाया। उन्होंने 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम की। यही नहीं, शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्हें सीजन का सबसे मूल्यवान खिलाड़ी (मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर) भी चुना गया। इसके अलावा उन्हें इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन का अवॉर्ड भी मिला। आक्रामक बल्लेबाजी के लिए मशहूर वैभव ने 237.3 के स्ट्राइक रेट के साथ सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन का पुरस्कार जीता, जबकि पूरे टूर्नामेंट में 72 छक्के लगाकर सुपर सिक्सेस ऑफ द सीजन का खिताब भी हासिल किया।
अवॉर्ड राशि मिली
इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन 10 लाख रुपये
सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन कार
सुपर सिक्सेस ऑफ द सीजन 10 लाख रुपये
ऑरेंज कैप. 10 लाख रुपये
मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर ऑफ द सीजन 15 लाख
अवॉर्ड लेते समय दबाव में दिखे वैभव
मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर का पुरस्कार मिलने के बाद वैभव ने मजाकिया अंदाज में कहा कि इंटरव्यू देना उनके लिए बल्लेबाजी से ज्यादा मुश्किल काम है। वैभव ने कहा, ‘अच्छा लग रहा है, लेकिन इंटरव्यू देने के कारण थोड़ा दबाव महसूस हो रहा है। सर, मैं आजकल दूध भी नहीं पी रहा हूं।’ उनके इस जवाब ने वहां मौजूद दर्शकों और प्रस्तोताओं को भी मुस्कुराने पर मजबूर कर दिया।
फिटनेस पर रहेगा पूरा फोकस
वैभव ने कहा कि क्रिकेट में लगातार सफलता हासिल करने के लिए हर मैच में एक जैसी बल्लेबाजी नहीं की जा सकती और परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालना पड़ता है। उन्होंने कहा, ‘हर मैच को एक ही तरीके से नहीं खेला जा सकता। आपको हर मुकाबले के हिसाब से अपनी योजना बनानी पड़ती है।’ युवा बल्लेबाज ने यह भी स्वीकार किया कि आने वाले समय में फिटनेस उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में से एक होगी। उन्होंने कहा, ‘अगर मुझे चोटों से दूर रहना है तो अपनी फिटनेस पर काफी काम करना होगा।’
यादगार रहा आईपीएल 2026
आईपीएल 2026 वैभव सूर्यवंशी के लिए किसी सपने से कम नहीं रहा। उन्होंने न सिर्फ सबसे ज्यादा रन बनाए, बल्कि अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और मैच जिताने वाली पारियों से पूरे सीजन चर्चा में रहे। ऑरेंज कैप, एमवीपी, इमर्जिंग प्लेयर और सुपर स्ट्राइकर जैसे बड़े अवॉर्ड जीतकर वैभव ने यह साफ कर दिया कि भारतीय क्रिकेट को भविष्य का एक नया सुपरस्टार मिल चुका है।






