विश्व पर्यावरण दिवस पर अमृत सरोवर स्थल में विविध गतिविधियों एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन



दुर्ग, 05 जून 2026। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद पंचायत दुर्ग अंतर्गत ग्राम पंचायत पुरई के अमृत सरोवर स्थल पर पर्यावरण संरक्षण एवं प्राकृतिक संसाधनों के सतत प्रबंधन को बढ़ावा देने हेतु विभिन्न जागरूकता एवं जनभागीदारी आधारित गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अमृत सरोवर परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अमृत सरोवर एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में सफाई एवं रखरखाव अभियान चलाया गया। साथ ही जल संरक्षण, भूजल पुनर्भरण, जैव विविधता संरक्षण तथा जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूकता विषयों पर प्रतिभागियों को जानकारी प्रदान की गई। उपस्थित ग्रामीणों को जल स्रोतों के संरक्षण एवं पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में सामुदायिक सहभागिता के महत्व से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित ग्राम सभा में खुले में कचरा फेंकने एवं कचरा जलाने से होने वाले पर्यावरणीय तथा स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की गई। ग्रामीणों को बताया गया कि खुले में कचरा जलाने से वायु प्रदूषण बढ़ता है तथा मानव स्वास्थ्य और पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इस अवसर पर ग्राम स्तर पर कचरा संग्रहण एवं प्रसंस्करण व्यवस्था, बल्क वेस्ट जनरेटर की जिम्मेदारियों तथा स्वच्छ ग्राम निर्माण में जनसहभागिता की भूमिका पर भी जानकारी दी गई। उपस्थित ग्रामीणों से स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 05 जून 2026 को ग्राम पंचायत पुरई में दुर्ग ग्रामीण विधायक श्री ललित चंद्राकर के मुख्य आतिथ्य में फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में भाजपा उत्तर मंडल की अध्यक्ष श्रीमती शीला ठाकुर, ग्राम पंचायत पुरई के उपसरपंच श्री डीमार सिंह साहू, श्री चंद्र देवांगन, श्री करण साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पंचायत पदाधिकारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण निर्माण का संदेश दिया तथा पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्रतिभागियों को VB-GRAM G एक्ट/स्कीम, 2025 (जो 1 जुलाई 2026 से लागू होगी) के प्रमुख नियमों एवं प्रावधानों की भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में कुल 25 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन, स्वच्छता एवं वृक्ष संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
स्थान: अमृत सरोवर, ग्राम पंचायत पुरई
जनपद पंचायत: दुर्ग
जिला: दुर्ग (छत्तीसगढ़)