पाटन। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम मर्रा में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती दीपमाला जैन, विजय जैन, राजा देवांगन, ज्योति चंद्राकर एवं सरस्वती सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में वक्ता के रूप में रेखा दामिनी एवं टुकेश्वरी ने सहभागिता की।

कार्यक्रम में विभाग की ओर से डीडब्ल्यूसीडी श्री अजय साहू, सीडीपीओ श्रीमती छाया वर्मा एवं पर्यवेक्षक नम्रता तिवारी सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं उपस्थित रहीं।

आयोजन के दौरान व्यंजन प्रदर्शनी, गोद भराई, अन्नप्राशन, सुपोषण टोकरी वितरण तथा स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसके अलावा बच्चों एवं महिलाओं के लिए जलेबी दौड़, कुर्सी दौड़ सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं।

‘हर घर मुनगा’ अभियान के तहत गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को मुनगा के पौधे वितरित किए गए। साथ ही पूर्व माध्यमिक शाला एवं अस्पताल परिसर में दो-दो मुनगा पौधों का रोपण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले 4 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, 4 सहायिका, 4 मितानिन एवं 4 वक्ताओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों और महिलाओं को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
आयोजकों ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से पोषण, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।







