शिक्षकों की सेवा पुस्तिका का सत्यापन कार्य पूर्णता की ओर, संघ ने जताई खुशी

पंडरिया।विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय पंडरिया में पिछले 5 सप्ताह से शिक्षकों की सेवा पुस्तिका के संधारण व सत्यापन का कार्य चल रहा है। ब्लॉक में करीब 1500 शिक्षक कार्यरत हैं, जिनकी सेवा पुस्तिका का सत्यापन विगत कई वर्षों से नहीं हुआ था। इससे जानकारी अधूरी थी और सेवा की शुरुआत से अब तक कई बदलाव हो चुके थे।


इसे देखते हुए प्रत्येक सप्ताह शनिवार को सेवा पुस्तिका के सत्यापन का कार्य किया जा रहा है। सत्यापन का कार्य 10 अक्टूबर से प्रारंभ हुआ है, जो 5 दिसंबर तक चलेगा। पूरे ब्लॉक के शिक्षकों की सेवा पुस्तिका का सत्यापन सात सप्ताह में किया जा रहा है, जिसका 5वां सप्ताह पूरा हो चुका है।


सत्यापन का कार्य प्रत्येक शनिवार को स्कूल के पश्चात दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाता है। शिक्षक स्कूल की छुट्टी होने के बाद बीईओ कार्यालय पहुंचकर अपनी सेवा पुस्तिका का सत्यापन करा रहे हैं।इससे विद्यालयीन कार्य भी प्रभावित नहीं हो रहा है।


नॉमिनी सहित कई जानकारी भरी जा रही
-सेवा पुस्तिका सत्यापन के दौरान सेवा पुस्तिका में नॉमिनी, उच्च शिक्षा योग्यता, टेट, अवकाश सहित अनेक चीजें संधारित की जा रही हैं, जिससे आगामी समय में कर्मचारियों को परेशान न होना पड़े। अनेक नवनियुक्त कर्मचारी जो अविवाहित थे तथा जिनकी परिवार सूची अधूरी थी, उसे भी पूरा किया जा रहा है।

संघ ने हर्ष जताया-
कर्मचारी संघ ने सेवा पुस्तिका संधारण को लेकर हर्ष व्यक्त कर इसकी सराहना की है। शालेय शिक्षक संघ व तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के ब्लॉक अध्यक्ष मोहन राजपूत व टीचर एसोसिएशन के ब्लॉक अध्यक्ष बलदाऊ चन्द्राकर ने बताया कि सेवा पुस्तिका के सत्यापन से सेवा पुस्तिका में अधूरी जानकारी पूरी हो रही है। वहीं शिक्षकों की योग्यता सहित अनेक जानकारियों को सेवा पुस्तिका में संधारित किया जा रहा है। इस तरह के सत्यापन का कार्य लगातार होना चाहिए।पदोन्नति व अन्य कार्यों में शिक्षकों को इसका लाभ मिलेगा।
“शिक्षकों एवं कर्मचारियों की सेवा पुस्तिका का सत्यापन नहीं होने से कई जानकारी अधूरी थी। जिसे सत्यापन व संधारण कर दुरुस्त किया जा रहा है। इससे कार्यालय में सही जानकारी रहेगी व शिक्षकों को भी सुविधा मिलेगी।”
दीपक कुमार ठाकुर, विकास खंड शिक्षा अधिकारी,पंडरिया