*
संत विनोबा भावे कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, मर्रा (पाटन) के बीएससी चतुर्थ वर्ष के छात्र-छात्राओं का अधिष्ठाता डॉ. अनिल कुमार वर्मा के मार्गदर्शन एवं कार्यक्रम समन्वयक डॉ. ओमप्रकाश परगनिहा के नेतृत्व में रावे / रेडी कार्यक्रम 2025 – 26 का संचालन ग्राम बेलौदी में किया जा रहा है जिसके अंतर्गत आज गांव में पशु चिकित्सा विभाग, पाटन के सहयोग पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के पशुपालकों को पशुओं के स्वास्थ्य, रोग नियंत्रण एवं वैज्ञानिक पशुपालन की जानकारी प्रदान करना था।
शिविर के दौरान विभाग के चिकित्सकों द्वारा पशुओं में बधियाकरण, मुंहपका–खुरपका (FMD) रोग से बचाव हेतु टीकाकरण, कृमिनाशक दवा तथा पशु पहचान हेतु टैगिंग तथा निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया। साथ ही पशुओं में होने वाले प्रमुख रोगों, टीकाकरण, कृमिनाशक दवाओं के महत्व, संतुलित आहार एवं स्वच्छता संबंधी उपायों की जानकारी दी गई।
इस दौरान पशुपालकों को छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित 1962 डायल नंबर पशु एम्बुलेंस सेवा जिसका आपातकाल स्थिति में पशुओं के इलाज हेतु कॉल कर निःशुल्क लाभ लिए जाने के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
पशुपालकों ने इस शिविर को अत्यंत उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की। इस कार्यक्रम के आयोजन में महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने अपना संपूर्ण सहयोग देते हुए पशु चिकित्सा के संबंध में प्रायोगिक ज्ञान अर्जित किया।
इस अवसर पर पशुपालक भगवती साहू, फाल्गो यदु, सरपंच हुकुमचंद निषाद, देवकुमार निषाद, पशु चिकित्सा विभाग के डॉ. दीपेंद्र खरे, समीक्षा ताम्रकार, निकिता सोनवानी, दिनेश कुमार साहू, नरेंद्र बंछोर, खूबलाल साहू अधिकारी कर्मचारीगण एवं महाविद्यालय के समस्त छात्र – छात्राएं सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण पशुपालक उपस्थित रहे।







