पाटन
जनपद पंचायत पाटन के ग्राम करसा में आज प्रोजेक्ट उन्नति के अंतर्गत मनरेगा श्रमिकों एवं ग्रामीण महिलाओं /पुरुष को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से 30 दिवसीय रूरल मेसन (राजमिस्त्री) प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह प्रशिक्षण बैंक ऑफ बड़ौदा आरसेटी, दुर्ग द्वारा जनपद पंचायत पाटन के सहयोग से संचालित किया जा रहा है, जिसमें कुल 35 प्रतिभागी शामिल हैं।
महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत 100 दिवस कार्य पूर्ण कर चुके श्रमिकों को आत्मनिर्भर बनाने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लिए गुणवत्तापूर्ण आवास निर्माण हेतु कुशल राजमिस्त्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह पहल शुरू की गई है। कार्यक्रम का संचालन मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत दुर्ग श्री बजरंग कुमार दुबे के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर श्रीमती अनीता चारभे द्वारा ईंट-पत्थर चिनाई, प्लास्टरिंग, टाइल एवं फर्श बिछाना, छत ढलाई, कंक्रीट मिश्रण, वॉटरप्रूफिंग तथा निर्माण कार्य से संबंधित सुरक्षा मानकों की विस्तृत जानकारी प्रतिभागियों को प्रदान की जा रही है।
यह प्रशिक्षण ग्रामीण युवाओं को तकनीकी दक्षता प्रदान कर उन्हें स्वावलंबन एवं स्वरोजगार की ओर अग्रसर करेगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में कुशल राजमिस्त्रियों की उपलब्धता बढ़ेगी, जिससे आवास निर्माण की गुणवत्ता एवं गति दोनों में सुधार होगा। यह पहल प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) जैसे राष्ट्रीय कार्यक्रमों को भी और अधिक मजबूती प्रदान करेगी।अकुशल श्रमिको के आधार पर 30 दिवस मजदूरी राशि भी जारी किया जावेग
आरसेटी की भूमिका
बैंक ऑफ बड़ौदा ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), दुर्ग भारत सरकार समर्थित प्रशिक्षण संस्थान है, जो ग्रामीण युवाओं को निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराकर कौशल विकास, उद्यमिता तथा वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देता है।
ग्राम पऊवारा में 35 युवाओं हेतु संचालित यह प्रशिक्षण 11 दिसम्बर 2025 से आरंभ हुआ है तथा आरसेटी निदेशक श्री गुलशन कुमार सिंह के मार्गदर्शन में संचालित हो रहा है। प्रशिक्षण अवधि में सभी प्रतिभागियों को निःशुल्क ड्रेस, टूलकिट एवं भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।
यह पहल ग्रामीण युवाओं को कुशल और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है तथा “कुशल भारत से सशक्त भारत” के लक्ष्य को साकार करने में सहायक सिद्ध होगी।







