झीट में अतिक्रमण हटाने पहुंचे ग्रामीण और पंचायत प्रतिनिधि बैरंग लौटे, जेसीबी के सामने महिला के विरोध के बाद रुकी कार्रवाई, अब एसडीएम से करेंगे शिकायत

पाटन। पाटन ब्लॉक के ग्राम झीट में मुख्य चौक के पास अतिक्रमण हटाने पहुंचे ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों को बिना कार्रवाई किए ही वापस लौटना पड़ा। अतिक्रमण हटाने के लिए जेसीबी लेकर पहुंचे दल के सामने एक महिला ने विरोध जताया, जिसके बाद कार्रवाई रोकनी पड़ी। मौके पर पुलिस बल भी मौजूद नहीं था।

जानकारी के अनुसार, ग्राम झीट के मुख्य चौक के पास किए जा रहे अतिक्रमण को हटाने के लिए ग्रामीण और पंचायत प्रतिनिधि पहुंचे थे। इस दौरान जेसीबी से अतिक्रमण हटाने की तैयारी की जा रही थी, तभी एक महिला मशीन के सामने आकर विरोध करने लगी। मौके पर पुलिस की अनुपस्थिति के कारण स्थिति को देखते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे नहीं बढ़ाई जा सकी।

बताया जा रहा है कि पंचायत द्वारा नए सिरे से किए जा रहे अतिक्रमण पर रोक लगाने के लिए संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर निर्देश भी दिए गए हैं। इसके बावजूद अतिक्रमण का कार्य जारी रहने की जानकारी सामने आई है।

अब पंचायत प्रतिनिधि अतिक्रमण की जानकारी पाटन एसडीएम को देकर इसे हटाने की मांग करेंगे। इसके बाद राजस्व विभाग के माध्यम से नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई किए जाने की संभावना है। फिलहाल मुख्य चौक के पास अतिक्रमण हटाने का मामला प्रशासनिक कार्रवाई पर निर्भर है।