अंडा। ग्राम रिसामा एवं आसपास के क्षेत्रों (थाना अंडा) में असामाजिक तत्वों द्वारा राहगीरों को रोककर नाम और गांव पूछकर गाली-गलौज व मारपीट करने की घटना (FIR No. 0084/2026) से पूरे क्षेत्र में भय का माहौल निर्मित हो गया है। इस गंभीर घटना को लेकर ग्राम पंचायत रिसामा के सरपंच रोशन लाल साहू ने कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है, जिसे किसान नेता व दुर्ग जनपद सदस्य ढालेश साहू का पूर्ण समर्थन प्राप्त हुआ है।

नाम व गांव पूछकर मारपीट करने की कोशिश से आक्रोश

सरपंच रोशन लाल साहू ने कहा कि “द्वारिकाडीह चौक और अंडा-रिसामा मार्ग पर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगातार बढ़ रहा है। राहगीरों का नाम व गांव पूछकर जानलेवा हमला करना और जान से मारने की धमकी देना बेहद चिंताजनक है। इस घटना में नामजद आरोपी और उसके साथियों की पहचान होने और एफआईआर दर्ज होने के बाद भी पुलिस प्रशासन हाथ पर हाथ धरे बैठा है। आरोपी खुलेआम घूमकर पीड़ितों को डरा-धमका रहे हैं।”
उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस ने नामजद आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार नहीं किया, तो समस्त ग्रामवासी एकजुट होकर थाना अंडा का घेराव करेंगे।

किसान नेता ढालेश साहू ने दिया पूर्ण समर्थन
ग्रामवासियों के इस न्यायसंगत मुद्दे पर उनके साथ खड़े होते हुए किसान नेता व जनपद सदस्य ढालेश साहू ने कहा कि “ग्रामीणों और किसानों की सुरक्षा से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नाम व गांव पूछकर दहशत फैलाने की यह कोशिश क्षेत्र की शांति व्यवस्था को भंग करने की साजिश है। सरपंच रोशन लाल साहू और ग्रामीणों द्वारा दी गई थाना घेराव की चेतावनी का मैं पूर्ण रूप से समर्थन करता हूँ।”
ढालेश साहू ने आगे कहा कि “यदि पुलिस प्रशासन ने २४ घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की, तो हम स्वयं सैकड़ों ग्रामीणों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर अंडा थाने का घेराव करेंगे और जब तक न्याय नहीं मिलेगा, आंदोलन जारी रहेगा।”
Photo : file photo anda thana






