पाटन। ग्राम पंचायत कुर्मीगुंडरा के पंचायत भवन के पास स्थित विद्युत ट्रांसफार्मर की खराब बुशिंग (सिरेमिक भाग) के कारण ग्रामीण पिछले एक वर्ष से बिजली समस्या से जूझ रहे हैं। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से ट्रांसफार्मर की मरम्मत कर स्थायी समाधान की मांग की है।

ग्रामीणों के अनुसार ट्रांसफार्मर में लगी बुशिंग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिसे अस्थायी रूप से जोड़कर काम चलाया जा रहा है। बुशिंग हाई वोल्टेज तारों को ट्रांसफार्मर से सुरक्षित रूप से जोड़ने और करंट लीकेज रोकने का महत्वपूर्ण हिस्सा होता है। इसके खराब होने से बार-बार तकनीकी खराबी उत्पन्न हो रही है और बिजली आपूर्ति प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि ओवरलोड और तकनीकी खामियों के कारण वार्ड क्रमांक 8 और 9 में अक्सर बिजली गुल हो जाती है। इससे लोगों को दैनिक कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर बारिश के मौसम में स्थिति और गंभीर हो गई है।
बताया जा रहा है कि विद्युत विभाग के कर्मचारी कई बार मौके पर पहुंचकर अस्थायी मरम्मत करते हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से कुछ दिनों बाद फिर वही स्थिति निर्मित हो जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि जिस समस्या का समाधान एक दिन में हो सकता है, वह पिछले एक साल से लंबित है।
ग्रामीणों ने मुख्य अभियंता एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि ट्रांसफार्मर की क्षतिग्रस्त बुशिंग को तत्काल बदलकर नियमित एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।






