पाटन। पाटन ब्लॉक के ग्राम रूही स्थित तालाब में करंट लगाकर मछली पकड़ने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने मछली पालन करने वाले ठेकेदार पर तालाब में बिजली का करंट प्रवाहित कर मछली पकड़ने का आरोप लगाते हुए इसकी शिकायत की है।

ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित तालाब का उपयोग गांव के लोग निस्तारी, पशुओं को पानी पिलाने एवं अन्य दैनिक कार्यों के लिए करते हैं। ऐसे में तालाब में करंट फैलाने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है और लोगों की जान जोखिम में पड़ सकती है।
ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में भी इसी तरह तालाब में करंट लगाए जाने की घटना हुई थी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। इसके बावजूद दोबारा इस तरह की गतिविधि किए जाने से ग्रामीणों में आक्रोश है।
ग्रामीणों का आरोप है कि जब उन्होंने ठेकेदार को ऐसा करने से मना किया तो उनके साथ गाली-गलौज की गई। इसके बाद ग्रामीणों ने मामले की शिकायत पुलिस से करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से तालाब में करंट लगाकर मछली पकड़ने जैसी खतरनाक गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।






