अण्डा। जनपद पंचायत दुर्ग क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत आलबरस में अवैध शराब की बिक्री से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। गांव में लगातार हो रही इस गतिविधि को लेकर ग्राम पंचायत ने सख्त रुख अपनाते हुए थाना प्रभारी अण्डा (जिला दुर्ग) को लिखित शिकायत सौंपकर अवैध शराब के कारोबार पर तत्काल रोक लगाने और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पंचायत द्वारा दिए गए शिकायत पत्र में बताया गया है कि गांव के कुछ लोग लंबे समय से अवैध रूप से शराब बेचने का कार्य कर रहे हैं। इसके चलते गांव का माहौल खराब हो रहा है और आम नागरिकों, महिलाओं तथा युवाओं को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि शराब के कारण आए दिन विवाद की स्थिति बनती है, जिससे गांव की शांति और सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है।
पंचायत ने यह भी उल्लेख किया है कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों को पहले भी कई बार समझाइश दी गई तथा थाना स्तर पर शिकायतें भी की गई थीं। इसके बावजूद संबंधित लोगों ने अपनी गतिविधियां बंद नहीं कीं और अवैध शराब की बिक्री लगातार जारी है।
ग्राम पंचायत ने थाना प्रभारी से गांव में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने, अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि गांव में शांति और कानून व्यवस्था बनी रहे।
इस संबंध में पंचायत द्वारा भेजे गए शिकायत पत्र की एक प्रतिलिपि सहायक आयुक्त, आबकारी विभाग, दुर्ग को भी आवश्यक कार्रवाई एवं जानकारी के लिए प्रेषित की गई है।
ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन इस गंभीर मामले को प्राथमिकता से लेते हुए जल्द कार्रवाई करेगा, जिससे ग्राम आलबरस में अवैध शराब की बिक्री पर रोक लग सके और गांव का शांतिपूर्ण वातावरण फिर से बहाल हो सके।






