अंडा। दुर्ग जिले के ग्राम पंचायत विनायकपुर में तांदुला जलाशय से तालाबों में पर्याप्त पानी नहीं भराए जाने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में ग्राम पंचायत सरपंच द्वारा जिला प्रशासन को आवेदन सौंपकर समस्या के समाधान की मांग की गई है।
आवेदन में बताया गया है कि हर वर्ष अप्रैल माह में तांदुला जलाशय बालोद से नहर के माध्यम से गांव के सभी निस्तारी तालाबों में पानी भरा जाता था। लेकिन इस वर्ष केवल एक ही तालाब में लगभग 70 प्रतिशत पानी दिया गया है, जबकि बाकी चार तालाब सूखे पड़े हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में पहले से ही पेयजल और निस्तारी पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है। गर्मी बढ़ने के साथ हालात और खराब हो गए हैं। तालाबों में पानी नहीं होने से पशुओं, किसानों और आम लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि अन्य गांवों के निजी तालाबों में भी भरपूर पानी दिया गया है, जबकि विनायकपुर के तालाबों की अनदेखी की गई है। इससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।
सरपंच ने जिला प्रशासन से मांग की है कि भीषण गर्मी और पानी की कमी को देखते हुए गांव के सभी निस्तारी तालाबों में जल्द से जल्द तांदुला जलाशय से पानी भरवाया जाए, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि यदि कम पानी ही उपलब्ध है तो गांव का एक्वीमेंट रद्द कर दिया जाए, क्योंकि कम पानी से गांव की समस्या का समाधान नहीं होगा।







