पाटन।नगर पालिका परिषद अमलेश्वर के खुड़मूड़ा वार्ड क्रमांक पांच में खारुन नदी के समीप शराब दुकान खोलना प्रस्तावित है। नदी के पास खुडमुडा वासियों का निस्तारी, श्मशान घाट और प्राचीन शिव मंदिर है। ग्रामीणों का कहना है कि उक्त क्षेत्र में शराब दुकान खोले जाने से अपराध और असामाजिक गतिविधियों में वृद्धि होगी। युवाओं और बच्चों पर शराब का दुष्प्रभाव होगा और क्षेत्र की सामाजिक व सांस्कृतिक स्थिति में गिरावट होगी। इसलिए शराब दुकान खोलने का विरोध कर रहे हैं।
निकाय चुनाव से पहले भी शराब दुकान खोलने की तैयारी थी, लेकिन ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए शासन प्रशासन को अपना फैसला बदलना पड़ा। अब चुनाव हो जाने के बाद फिर से शराब दुकान खोले जाने की सुगबुगाहट शुरू हो गई है। शराब दुकान खोले जाने की खबर लगते ही छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के पदाधिकारी भी एसडीएम कार्यालय पहुंचे और ग्रामीणों की मांग का समर्थन करते हुए शराब दुकान खोले जाने का विरोध किया।







