ग्राम तरीघाट के लंबित विकास कार्यों को लेकर ग्रामीणों ने एसडीएम लवकेश ध्रुव को सौंपा ज्ञापन, पखवाड़े भर में काम नहीं हुआ तो किया जाएगा जनआंदोलन


पाटन । तहसील पाटन के ग्राम तरीघाट के ग्रामीणों ने गांव में रुके एवं अधूरे पड़े विकास कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने की मांग को लेकर एसडीएम पाटन लवकेश ध्रुव को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत स्वीकृत मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम तरीघाट, तहसील पाटन, जिला दुर्ग (छत्तीसगढ़) में कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्य अधूरे पड़े हैं, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में निम्नलिखित प्रमुख मांगें शामिल हैं—
1. सोलर सौर योजना के तहत पम्प हाउस निर्माण एवं पम्प स्थापना
तालाब भराई (सिंचाई) योजना के अंतर्गत पम्प लगाया जाना था, किंतु विभागीय लापरवाही के चलते पम्प अब तक गांव के ऑपरेटर के घर में रखा हुआ है और तालाब में फिट नहीं किया गया है। वर्तमान में नदी में पर्याप्त पानी उपलब्ध होने के बावजूद तालाब में निस्तारी हेतु जल भराव नहीं हो पा रहा है। ग्रामीणों ने आगामी गर्मी को देखते हुए पम्प को तत्काल स्थापित कराने की मांग की है।
2. एरीगेशन विभाग द्वारा तटबंध निर्माण पूर्ण कराने की मांग
नदी किनारे निर्माणाधीन तटबंध का कार्य अधूरा पड़ा हुआ है। इससे बाढ़ एवं कटाव की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने इसे शीघ्र पूर्ण कराने की मांग की है।
3. पीडब्ल्यूडी द्वारा विश्राम गृह निर्माण कार्य पूर्ण कराने की मांग
ग्राम में लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाया जा रहा विश्राम गृह लंबे समय से अधूरा है। ग्रामीणों का कहना है कि यह भवन सार्वजनिक उपयोग के लिए अत्यंत आवश्यक है, अतः इसे जल्द पूरा कराया जाए।
4. नव निर्मित छह बिस्तर अस्पताल के मुख्य द्वार से अतिक्रमण हटाने की मांग
ग्राम में निर्मित छह बिस्तर अस्पताल के जच्चा कक्ष के मुख्य द्वार पर अतिक्रमण होने से आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही है। ग्रामीणों ने तत्काल अतिक्रमण हटाने की मांग की है ताकि स्वास्थ्य सेवाएं सुचारु रूप से संचालित हो सकें।
5. पुरातात्विक अवशेषों को संग्रहालय में रखने की मांग
वर्ष 2010-11 में पुरातत्व विभाग द्वारा ग्राम तरीघाट में की गई खुदाई में विभिन्न ऐतिहासिक सामग्री प्राप्त हुई थी। इन अवशेषों के संरक्षण के लिए ग्राम में संग्रहालय की स्थापना भी की गई, किंतु अब तक खुदाई में प्राप्त सामग्रियों को संग्रहालय में नहीं रखा गया है। ग्रामीणों ने एक सप्ताह के भीतर सभी अवशेषों को ग्राम के संग्रहालय में सुरक्षित रखने की मांग की है।
ग्रामीणों ने एसडीएम से आग्रह किया है कि संबंधित विभागों को निर्देशित कर सभी लंबित कार्यों को अतिशीघ्र पूर्ण कराया जाए, ताकि ग्रामवासियों को मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिल सके।