पंडरिया।ब्लाक के ग्राम रहमान कापा शिक्षा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना रही है।जो एक बार फिर शानदार सफलता हासिल की है। इस विद्यालय के विद्यार्थी विनयराज मरावी का कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए एकलव्य विद्यालय जंगल तरेगांव में चयन हुआ है। लगातार तीसरे वर्ष रहमान कापा स्कूल के विद्यार्थी ने एकलव्य विद्यालय की प्रतियोगी परीक्षा में सफलता हासिल की है। विनयराज विद्यालय की बाल संसद के प्रधानमंत्री भी रहे हैं। उनके चयन से विद्यालय परिवार, पालकों और ग्रामवासियों में खुशी का माहौल है।
विद्यालय के विद्यार्थियों की सफलता का सिलसिला लगातार आगे बढ़ रहा है। सत्र 2024-25 में धर्मराज एवं भुनेश्वर, सत्र 2025-26 में प्रियांशु, आदित्य एवं गजराज तथा सत्र 2026-27 में विनयराज मरावी का कक्षा 6वीं के लिए एकलव्य विद्यालय जंगल तरेगांव में चयन हुआ है।
इसके अलावा सत्र 2020-21 में बालकृष्ण, बलराम एवं कृष्णा का भी एकलव्य विद्यालय जंगल तरेगांव के लिए चयन हो चुका है। इस प्रकार अब तक विद्यालय के 9 विद्यार्थी एकलव्य विद्यालय के लिए चयनित हो चुके हैं।

विद्यालय समय के बाद भी जारी रहा मार्गदर्शन-
विनयराज की सफलता में विद्यालय के शिक्षक लक्ष्मण बांधेकर के अतिरिक्त प्रयास और मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वे विद्यालयीन समय के बाद भी बच्चों को अतिरिक्त समय देकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कराते रहे। प्रश्नों के नियमित अभ्यास, आवश्यक विषयों की तैयारी और बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया गया।
शिक्षक लक्ष्मण बांधेकर ने कहा, “बच्चों की प्रतिभा को सही दिशा देना शिक्षक की जिम्मेदारी है। विद्यालयीन समय के बाद बच्चों को अतिरिक्त समय देकर मार्गदर्शन करने का उद्देश्य यही है कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे भी प्रतियोगी परीक्षाओं में आगे बढ़ें और अपने सपनों को पूरा करें।”

मेहनत, मार्गदर्शन और सहयोग का परिणाम-
प्रधान पाठक राजेश कुमार पात्रे ने विनयराज को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थी की मेहनत, शिक्षक के मार्गदर्शन और पालकों के सहयोग का परिणाम है। ग्रामीण और वनांचल क्षेत्र के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उन्हें अवसर और सही मार्गदर्शन मिले तो वे भी उत्कृष्ट सफलता हासिल कर सकते हैं।
विनयराज के चयन पर विद्यालय परिवार, पालकों और ग्रामवासियों ने खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।







