धर्म नगरी डोंगरगढ़ में रविवार को 19 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर 18 वर्षीय युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

Dongargarh.छत्तीसगढ़ के धर्म नगरी डोंगरगढ़ में रविवार देर रात क्रॉस पहाड़ी के पास चाकूबाजी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई। 19 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर 18 वर्षीय युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हालत गंभीर होने के कारण पीड़ित को पहले स्थानीय अस्पताल, फिर जिला मेडिकल कॉलेज और अंत में ग्रीन कॉरिडोर के जरिए रायपुर रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच कर रही है। रविवार देर रात डोंगरगढ़ के क्रॉस पहाड़ी इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब 19 वर्षीय अलकन कुल्लू द्वारा 18 वर्षीय आर्यन तिवारी पर कथित रूप से चाकू से हमला किए जाने की घटना सामने आई। हमला इतना गंभीर था कि, घायल युवक के पेट में गहरा घाव हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
बताया जा रहा है कि, घटना के पीछे प्रेम प्रसंग को कारण माना जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और अभी आधिकारिक तौर पर हमले के कारण की पुष्टि नहीं की है। पुलिस ने आरोपी अलकन कुल्लू को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।






