महेश कॉलोनी में जन्माष्टमी उत्सव पर विष्णु महायज्ञ और नवधा रामायण पाठ 13 अगस्त से 0 9 दिनों में श्रद्धालु अर्पित करेंगे 1.60 लाख आहुतियां, नवान्ह पारायण भी होगा

दुर्ग|श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव पर श्री राधाकृष्ण मंदिर, समिति महेश नगर द्वारा इस वर्ष नवदिसीय श्री विष्णु (ऋषिकेश) महायज्ञ और संगीतमय नवधा पारायण रामायण पाठ का आयोजन 13 से 21 अगस्त तक आयोजित किया जा रहा है।

इस भव्य आयोजन का यह 17वां वर्ष होगा। बीते दो साल तक कोरोनाकाल की वजह से आयोजन नहीं हो पाए थे, केवल भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव ही मनाया गया था। इसलिए इस बार दोगुने उत्साह के साथ यह महायज्ञ और रामायण पाठ का आयोजन, महेश नगर कॉलोनी में किया जा रहा है।

आयोजन में सबसे खास बात यह होगी कि महायज्ञ के दौरान पूरे 9 दिन में श्रद्धालु 1 लाख 60 हजार आहुतियां देंगे। इसमें नवान्ह पारायण भी होगा। आयोजन में पूजा विधि और सभी संस्कार पं. गिरधर गोपालजी असोपा और पं. सुशीलजी असोपा जोधपुर वालों के सानिध्य में होगा। महायज्ञ रोजाना सुबह 7 से दोपहर 1 बजे तक चलेगा। इसके बाद दोपहर 2.30 से शाम 6.30 बजे तक संगीतमय रामायण पाठ हजारों श्रद्धालु करेंगे।

भव्य मंडप हो रहा तैयार

महेश कॉलोनी में आयोजन के लिए भव्य मंडप तैयार किया जा रहा है। यहां लगभग 2 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। आयोजन समिति के पदाधिकारियों

बताया कि प्रतिदिन के रामायण पाठ के लिए श्रद्धालु रजिस्ट्रेशन भी करवा सकते हैं ताकि उनके लिए जगह सुरक्षित की जा सके। यह पूरा आयोजन निशुल्क ही होगा।

19 को मनेगा जन्माष्टमी उत्सव

महेश कॉलोनी में 19 अगस्त को श्रीकृष्ण जन्मोष्टमी पर भजन संध्या भी आयोजित की जाएगी, जो रात 8 से 12 बजे तक होगी। इसमें भजन सम्राट दिलीप षडंगी विशेष रूप से प्रस्तुति देंगे। साथ ही सुबह 5 बजे से मध्य रात्रि तक भगवान जन्मोत्सव मनाया जाएगा।