गोपाष्टमी पर विवेकानंद विचार मंच ने किया गौ पूजन, बीमार एवं दुर्घटनाग्रस्त गोवंश की सेवा का लिया संकल्प, कुरूदग्राम स्थित गौशाला में गौ माता की पूजा-अर्चना कर खिलाया चारा, मां गोमती गौसेवा समिति के सेवाभावी कार्यों की सराहना

    पाटन। गोपाष्टमी के पावन अवसर पर विवेकानंद विचार मंच द्वारा कुरूदग्राम स्थित मां गोमती गौसेवा समिति द्वारा संचालित गौशाला में गौ पूजन एवं सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंच के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने विधि-विधान से गौ माता की पूजा-अर्चना कर उन्हें चारा एवं उच्चारा खिलाया तथा गौसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

    कार्यक्रम में विवेकानंद विचार मंच के संरक्षक श्री धर्मराज शर्मा, सलाहकार श्री विजय साहू सहित मंच के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने गौशाला में मौजूद गोवंश की स्थिति की जानकारी ली और गौशाला संचालकों द्वारा किए जा रहे सेवाभावी कार्यों की सराहना की। कुरूदग्राम स्थित इस गौशाला का संचालन मां गोमती गौसेवा समिति द्वारा किया जाता है। यहां विशेष रूप से सड़क दुर्घटनाओं में घायल, बीमार एवं असहाय गोवंश की देखभाल और सेवा की जाती है। समिति के सदस्य निरंतर समर्पण भाव से गोवंश के संरक्षण एवं उपचार के कार्य में जुटे हुए हैं।

    इस अवसर पर विवेकानंद विचार मंच के सदस्यों ने कहा कि गौसेवा हमारी सनातन संस्कृति, परंपरा और सामाजिक दायित्व का महत्वपूर्ण अंग है। गोपाष्टमी का पर्व केवल गौ पूजन तक सीमित नहीं है, बल्कि हमें गोवंश के संरक्षण, संवर्धन और सेवा के प्रति अपने कर्तव्यों का स्मरण भी कराता है। मंच के सभी साथियों ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि भविष्य में भी बीमार, घायल एवं दुर्घटनाग्रस्त गोवंश की सेवा और संरक्षण के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। साथ ही समाज के अन्य लोगों से भी ऐसे पुण्य कार्यों में आगे आकर सहभागी बनने का आह्वान किया गया।

    कार्यक्रम में श्री प्रदीप शाह, मुकेश पासवान, संजय साहू, पवन शर्मा, परमजीत सिंह, निखिल शर्मा, अभिषेक वर्मा, दीपांशु ठाकुर, उज्ज्वल विशाल यादव, जितेंद्र पांडे, रमेश सिंह, संजय प्रसाद, रवि देशलहरे, नवीन सिंह, यश राज, मोहित कुशवाहा एवं विशाल राय सहित बड़ी संख्या में मंच के साथी उपस्थित रहे।

    विवेकानंद विचार मंच के अध्यक्ष पंकज शर्मा ने सभी उपस्थित सदस्यों एवं मां गोमती गौसेवा समिति के पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गौसेवा जैसे कार्यों में समाज की सामूहिक सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। विवेकानंद विचार मंच सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सेवाभावी गतिविधियों के माध्यम से समाजहित में निरंतर अपनी भूमिका निभाता रहेगा।