शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, रायपुर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन

रक्तदान शिविर की रिपोर्ट

शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, रायपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई एवं बैटर भारत फाउंडेशन के संयुक्त तत्वाधान  में 13/12/25 को  महाविद्यालय परिसर में एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों  में रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को प्रोत्साहित करना था।

रक्तदान शिविर में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कुल 52 व्यक्तियों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। रक्तदान से पूर्व सभी रक्तदाताओं की चिकित्सकों द्वारा आवश्यक स्वास्थ्य जांच की गई, जिससे उनकी पात्रता एवं सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। रक्तदान की प्रक्रिया प्रशिक्षित मेडिकल स्टाफ की निगरानी में पूर्ण स्वच्छता एवं सुरक्षा मानकों के अनुसार संपन्न कराई गई।

NSS स्वयंसेवकों द्वारा पंजीकरण, मार्गदर्शन तथा रक्तदान के पश्चात देखभाल की व्यवस्था सुचारू रूप से की गई। रक्तदाताओं को रक्तदान के लाभ, सावधानियों एवं इसके सामाजिक महत्व के बारे में भी जानकारी प्रदान की गई। रक्तदान के बाद सभी रक्तदाताओं को जलपान एवं आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।   
                            
कार्यक्रम को प्रिंसिपल डॉ एम. आर. खान जी ने अपनी उपस्थिति से पूर्णता की ओर अग्रसर किया।     यह रक्तदान शिविर NSS के कार्यक्रम अधिकारी डॉ प्रशांत साहू और शशिबाला किंडो के दिशा निर्देश में  सम्पन्न हुआ ।यह रक्तदान शिविर अत्यंत सफल रहा और मानव सेवा के प्रति महाविद्यालय समुदाय की संवेदनशीलता को दर्शाता है। यह आयोजन NSS के आदर्श वाक्य “मैं नहीं, आप” को पूर्ण रूप से चरितार्थ करता है।