पलारी ।
छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज के केंद्रीय अध्यक्ष सहित 6 राज प्रधान का चुनाव 20 अक्टूबर को होगा। चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से होगा, जिसमें 2 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव में केंद्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव में खोड़स राम कश्यप बलौदा बाजार जिले से एकमात्र प्रत्याशी हैं, जिनका लगातार जनसंपर्क जारी है। इन्हें पलारी, बलौदा बाजार और अर्जुनी जैसे तीन प्रमुख राजों से समर्थन मिलने का अनुमान है। इन तीनों राजों का प्रतिनिधित्व करते हुए खोड़स राम कश्यप अकेले उम्मीदवार हैं जो उन्हें चुनाव में विशेष लाभ मिल सकता है। ज्ञात हो कि खोड़स राम पलारी राज के पूर्व राज प्रधान व केंद्रीय उपाध्यक्ष, केंद्रीय चुनाव प्रभारी, केंद्रीय उच्च जांच समिति प्रभारी, बलौदा बाजार नगर प्रमुख जैसे विभिन्न पदों पर समाज में पिछले 40 सालों से सेवा दे रहे हैं जिनका उन्हें लाभ मिलता दिख रहा है। पेशे से शिक्षक होने का भी उनको लाभ मिलेगा, क्योंकि उनके शिष्यों की लंबी कतार है।
केंद्रीय अध्यक्ष पद के लिए कुल 6 उम्मीदवार मैदान में
इस पद के लिए खोड़स राम कश्यप के अलावा पांच और उम्मीदवार भी चुनावी मैदान में हैं। इनमें चंद्रशेखर परगनिहा धमधा से, दशरथ वर्मा धरसीवां से, उमाकांत वर्मा तिल्दा से, सरोज चंद्रवंशी तिल्दा से और अजीत मढरिहा शामिल हैं। ये सभी उम्मीदवार अपने-अपने क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं और समाज के समर्थन के लिए प्रयासरत हैं।

बलौदा बाजार जिले से अकेले प्रत्याशी होने का विशेष लाभ
वहीं बलौदा बाजार जिले के तीन महत्वपूर्ण राजों पलारी, बलौदा बाजार और अर्जुनी से खोड़स राम कश्यप अकेले उम्मीदवार होने के कारण उन्हें यहां के लोगों का व्यापक समर्थन प्राप्त हो सकता है। उनके समर्थकों का मानना है कि क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व के चलते खोड़स कश्यप को इन क्षेत्रों से एकजुट समर्थन मिलेगा, जिससे उनकी दावेदारी और मजबूत हो सकती है। खोड़स राम कश्यप ने अपने जनसंपर्क अभियान में समाज के विकास के लिए शिक्षा, रोजगार, और सामाजिक समरसता जैसे मुद्दों पर जोर दिया है। उन्होंने कहा है कि अगर वे इस पद के लिए चुने जाते हैं तो वे कुर्मी समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे। उनका कहना है कि समाज की प्रगति के लिए एकजुटता आवश्यक है और वे इस दिशा में ठोस कदम उठाने के लिए तैयार हैं।
पूरे प्रदेश भर से मतदाता अपने नए नेतृत्व का चयन करेंगे
यह चुनाव छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज के लिए एक महत्वपूर्ण है, जहां पूरे प्रदेश भर से मतदाता अपने नए नेतृत्व का चयन करेंगे। बलौदा बाजार जिले के तीन राजों से अकेले उम्मीदवार होने के नाते खोड़स राम कश्यप की दावेदारी को मजबूती मिल सकती है।