घुघवा प्रीमियर लीग का खिताब वार्ड 06 के नाम, फाइनल में वार्ड 05 को 6 विकेट से हराया

पाटन। ग्राम पंचायत घुघवा (ज) के क्रिकेट मैदान में आयोजित घुघवा प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट का समापन रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ हुआ। खिताबी मुकाबले में वार्ड 06 की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वार्ड 05 को 6 विकेट से पराजित कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

फाइनल मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वार्ड 05 की टीम निर्धारित 10 ओवरों में 49 रन ही बना सकी। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी वार्ड 06 की टीम ने दिनेश और मनीष वासु की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत मात्र सातवें ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर मुकाबला जीत लिया।

वार्ड 06 की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले दिनेश को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। वहीं पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करने वाले यामू को ‘मैन ऑफ द सीरीज’ के सम्मान से नवाजा गया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी तथा नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि खेल अनुशासन, समर्पण और टीम भावना का संदेश देते हैं। हार-जीत खेल का हिस्सा है, लेकिन खेल भावना सबसे महत्वपूर्ण होती है।

कार्यक्रम में आयोजन समिति के पदाधिकारी, खिलाड़ी, खेल प्रेमी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। आयोजन समिति के अध्यक्ष ने टूर्नामेंट के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों तथा दर्शकों का आभार व्यक्त किया।