पाटन के ग्रामीण इलाकों में गहराया जल संकट, भूपेश बघेल ने कलेक्टर को लिखा पत्र


पाटन। क्षेत्र में बढ़ते जल संकट को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री एवं पाटन विधायक भूपेश बघेल ने कलेक्टर दुर्ग को पत्र लिखकर त्वरित समाधान की मांग की है। उन्होंने पाटन विधानसभा के ग्रामीण इलाकों में पेयजल की गंभीर समस्या को देखते हुए तांदुला जलाशय से पानी उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि लगातार गिरते जलस्तर के कारण क्षेत्र के तालाब सूखने की स्थिति में पहुंच गए हैं, वहीं नलकूपों का जलस्तर भी काफी नीचे चला गया है। इससे ग्रामीणों को दैनिक जरूरतों के लिए पानी जुटाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
भूपेश बघेल ने प्रशासन से जल्द आवश्यक कदम उठाने की मांग करते हुए कहा है कि यदि समय रहते उचित व्यवस्था नहीं की गई, तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती है। उन्होंने तांदुला से जल आपूर्ति शुरू कर ग्रामीणों को राहत पहुंचाने पर जोर दिया है।