जामगांव (आर)। शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय, जामगांव (आर) में 23 मार्च को वीर शहीद भगत सिंह, राजगुरु एवं सुखदेव के बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर 22 मार्च को मनाए जाने वाले विश्व जल दिवस के तहत भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के विद्यार्थियों द्वारा जल संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने हेतु आकर्षक वॉल ड्राइंग बनाई गई तथा जल बचाने के विभिन्न उपाय प्रस्तुत किए गए।
इस वर्ष विश्व जल दिवस की थीम “Water and Gender” रही, जिसके अंतर्गत जल संसाधनों और लैंगिक समानता के बीच संबंध को समझाया गया। साथ ही जल संचयन में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर विशेष चर्चा की गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि जल संरक्षण के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी समाज के सतत विकास और समानता के लिए अत्यंत आवश्यक है।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल ने विद्यार्थियों को जल संचयन एवं संरक्षण के उपायों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। वाणिज्य विभाग एवं NSS के विद्यार्थियों ने अपने चित्रों के माध्यम से जल बचाने का प्रभावी संदेश दिया।
कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि जल का उपयोग आवश्यकता अनुसार ही किया जाना चाहिए, ताकि इसकी बर्बादी रोकी जा सके। सतत विकास के लिए जल संरक्षण अत्यंत महत्वपूर्ण है।
राष्ट्रीय सेवा योजना प्रभारी श्रीमती चेतना सोनी ने विद्यार्थियों को महाविद्यालय एवं घर-परिसर में उपलब्ध संसाधनों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया तथा बताया कि संसाधनों का संरक्षण ही समृद्ध और समान समाज की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय के सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।







