बलराम यादव
पाटन। पाटन विकासखंड के ग्राम पंचायत करगा के आश्रित ग्राम गभरा में 3 साल से पानी टंकी बन रहा है । अधूरे पानी टंकी के कारण ग्रामीण काफी आक्रोशित है। वही गांव में पाइपलाइन भी बिछाया गया है लेकिन अभी भी 25 से 30 घरों में पाइप लाइन का कनेक्शन ही नहीं दिया गया है । इससे आक्रोशित ग्राम पंचायत के ग्रामीण पी एच ई कार्यालय का घेराव करने जा रहे हैं ।ग्राम के सरपंच रुपेश चंद्राकर ने बताया कि पंचों एवं ग्रामीणों के साथ 26 दिसंबर मंगलवार को पी एच ई कार्यालय का घेराव करने पूरे ग्रामीण एक साथ जाएंगे।

ग्राम गभरा में जो पानी टंकी बना रहे हैं उसकी रफ्तार काफी धीमी है । 3 साल हो गए अभी तक पानी टंकी को शुरू नहीं किया जा सका है ।इससे अब ग्रामीणों का धैर्य जवाब देने लगा है । ग्रामीण अब देख रहे हैं कि पानी कब मिलेगा। लेकिन पानी टंकी बनाने वाले ठेकेदार की लापरवाही का नतीजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है । जिस अनुसार से स्वीकृति मिली थी उसके अनुसार अभी तक पानी टंकी बनाकर पूर्ण हो जाना चाहिए था ।लेकिन पानी टंकी पूर्ण नहीं हुआ है आलम यह है कि अब ग्रामीण एकजुट होकर पी एच ई विभाग की कार्यालय का घेराव करने वाले हैं । पी एच ई कार्यालय घेराव करने के लिए ग्राम पंचायत द्वारा बकायदा प्रस्ताव भी लिया गया है। सरपंच रूपेश चंद्राकर, उपसरपंच यशपाल आडिल, टोप राम वर्मा, गणेश निषाद, गुहरी यादव, मंथिर साहू, दीपेश बंजारे, पुन्नी कुर्रे, राजकुमारी यदु, कांति साहू, कुशला आडील, दिलेश्वरी वर्मा, ढालेश्वरी वर्मा, शीला ठाकुर सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया की पानी टंकी शुरू नही होने से पेयजल की दिक्कत गर्मी में हो जायेगी।






